रविवार, 5 अप्रैल 2020

छायावाद का परिचय तथा उसकी प्रमुख प्रवृतियां

             
                     छायावाद का परिचय
                      ----------------------

      छायावाद ने आत्मानुभूति का मार्ग प्रशस्त किया और आधुनिक पौराणिक धार्मिक चेतना के विरोध आधुनिक अलौकिक चेतना की शंख ध्वनि की। छायावाद का क्षेत्र अत्यंत विस्तृत है तथा इसके स्वरूप विश्लेषण के लिए यह कहा जा सकता है कि छायावाद द्विवेदी युग की जड़ श्रृंखलाओं को तोड़ व्यक्ति तथा कला की स्वतंत्रता का समर्थन करने वाली एक ऐसी मानव वेदी काल धारा है जिसने युग की स्थुलताओ के बीच चलने वाली सूक्ष्मा मर्मज्ञ छाया को व्यक्ति के माध्यम से ग्रहण कर धवनात्मकता, लक्षनिकिता तथा सौंदर्य मय प्रतीक विधान के सहारे मूर्तिमान करना अपना ध्येय बनाया। पहली बार कवि के संपूर्ण व्यक्तित्व का प्रकाशन हुआ । इसमें आत्मानुभूति का आधार भी व्यक्ति था। इस काल के प्रमुख कवि रहे प्रसाद, पंत, निराला और महादेवी वर्मा । गौण कवियों में डॉ रामकुमार वर्मा, मुकुटधर पांडे, मैथिलीशरण गुप्त, भगवती चरण वर्मा, हरि कृष्ण प्रेमी, जानकी बल्लभ शास्त्री आदि आते हैं।

 छायावाद को अंग्रेजी रोमांटिसिजम की नकल मारने की भी एक सुदिर्घ की परंपरा चलती आ रही है। जिसका संक्षिप्त स्पष्टीकरण भी अत्यंत आवश्यक है।
१) रोमांटी सिजम में एक स्वतंत्र जाति का साहित्य है। अतः उसमें रोमानी स्फुरन कुछ अधिक है। छायावाद पराधीन युग का साहित्य है। अतः उसमें कुंठा भी हैं साथ ही विद्रोह का स्वर भी दोनों में है। लेकिन छायावादी कवि के स्वर में जो आग्रह है, विद्रोह की भावना है उसके पीछे राष्ट्रवादी स्वतंत्र कामना का प्रबल आग्रह भी है जबकि आंग्ल रोमानी काव्य  के विद्रोह का आधार और प्रेरणा स्रोत प्राय: मानवतावाद है ।

२)रोमांटिसिजम के प्रादुर्भाव का मुख्य कारण राजनीतिक आर्थिक था जबकि छायावाद का संस्कृतिक

३ )रोमांटिकसेज में  विषय पर अधिक ध्यान दिया गया है जबकि छायावाद में विधान पर
 छायावाद की कुछ प्रमुख प्रवृतियां अग्र लिखित है----

१)वैयक्तिक ता---- द्विवेदी युगीन कविता विषय प्रधान थी जबकि छायावादी कविताएं  विषयी प्रधान। द्विवेदी युग की  इतिवृत्तात्मकता और वस्तुपरकता की प्रतिक्रियाओं में छायावाद की कविता में भावात्मक और आत्म गत हुई। द्विवेदी युगीन कविता का विषय बाहर का सामाजिक जीवन था और कवि भी बहिर्मुखी होकर कविता रचता था। इसके विपरीत छायावाद की कविता का विषय अंतरंग व्यक्तिगत जीवन हुआ और इसका कवि आत्म लीन होकर लिखने लगा। छायावाद की यही वैयक्तिकता प्रसाद में आनंदवाद, निराला में अद्वैतवाद, पंत में आत्मरति और महादेवी में परोक्ष रति के रूप में प्रकट हुई। एक पंक्ति उदाहरणीय  है----

                   वन गुहा कुंज मरू अंचल में ।
                   हूं खोज रहा अपना विकास।।

२) सौंदर्यानुभूति----यदपि सौंदर्य भावना की अभिव्यंजना की प्रवृत्ति पूर्ववर्ती काव्य में भी उपलब्ध हुई है पर छायावाद में इसका स्वरूप पूर्ववर्ती रूप से भिन्न है।यहां सौंदर्य से अभिप्राय बाह्य सौंदर्य से नहीं बल्कि सूक्ष्म आत्मिक सौंदर्य से है। छायावादी कवि अति इंद्रियों सौंदर्य का पुजारी होता है। वह प्रकृति के कण-कण में अलौकिक सौंदर्य की झलक देखता है। बाह्य सौंदर्य की अपेक्षा आंतरिक सौंदर्य के उद्घाटन में उसकी दृष्टि अधिक रमती है। छायावादी कविता में सौंदर्य अपनी पूर्णता के साथ हुआ है। सौंदर्य के पुजारी छायावादी कवियों ने नारी को नाना रूपों में व्यक्त किया है। उदाहरणार्थ
             " शशि मुख पर घूंघट डाले
              अंचल में दीप छिपाएं
               गोधूलि के धूमिल पट में
               कौतूहल से तुम आए।"

३) प्रेम भावना की अभिव्यंजना की प्रवृत्ति---- छायावादी काव्य में प्रणय भावना का विकास विभिन्न रूपों में हुआ है । जिनमें प्रकृति प्रेम, नारी प्रेम, अज्ञात सत्ता के प्रति प्रेम आदि महत्वपूर्ण है। प्रकृति प्रेम का जीवित उदाहरण हमें पंत की कविताओं में मिलता है। प्रकृति के सुकुमार कवि पंत को प्रकृति की सुंदरता अधिक रमणीय प्रतीत होती है
           " छोड़ द्रूमो की मृदु छाया
           तोड़ प्रकृति से भी माया
           बाले तेरे बाल जाल में
            कैसे उलझा दूं लोचन
            भूल अभी से इस जग को।"
 नारी प्रेम की भी सुंदर अभिव्यंजना छायावादी रचनाओं में मिलती है।  छायावादी कवियों ने नारी के स्थूल सौंदर्य की अपेक्षा सूक्ष्म सौंदर्य पर ही दृष्टि केंद्रित रखी है। यहां स्वकिया और परकिया, राधा और गोपी का झगड़ा नहीं है, नारी को उन्होंने देवी, मां, प्राण के रूप में देखा है फिर भी कम्य रूप और प्रेयसी रूप ही अधिक  रहा है फिर भी प्रसाद, निराला, महादेवी सबने संग में पावन गंगा स्नान की पवित्रता बनाए रखी है। कवि प्रसाद ने एक स्थान पर लिखा है
       " नारी तुम केवल श्रद्धा हो
        विश्वास रजत नग पग तल में
         पीयूष स्रोत सी बहा करो
         जीवन के सुंदर समतल में।"
छायावाद में अज्ञात सत्ता के प्रति प्रेम भी दिखाई पड़ता है। इस अज्ञात सत्ता को कवी कभी कभी प्रेयसी तो कभी प्रियतम के रूप में तो कभी चेतन प्रकृति के रूप में देखता है। छायावादी कवि सृष्टि के कण-कण में इसी अज्ञात सत्ता की झलक पाता है। महादेवी जी ने अज्ञात प्रियतम के प्रति अपना प्रणय निवेदन इस प्रकार किया है----
           " मैं  कन- कन में ढाल रही हूं,
             आंसू के मिस प्यार किसी का।
             मैं पलकों में पाल रही हूं,
             यह सपना सुकुमार किसी का"

इतना ही नहीं महादेवी जी का प्रियतम तो इतना निकट हो गया है कि परिचय पूछना भी व्यर्थ है----" तुम मुझमें प्रिय फिर परिचय क्या।"

४) वेदना और करुणा की अभिव्यक्ति की प्रवृत्ति---- छायावाद में वेदना और करीना करुणा की अभिव्यंजना की प्रवृत्ति भी दृष्टिगत होती है । जन्म- मरण, विरह- मिलन, हास्य- रुदन से उत्पन्न विषमताओं से घिरे हुए मानव जीवन को देखते हुए कवि हृदय में वेदना और करुणा का पारावार उमड़ पड़ता है । मानव- हृदय की आकांक्षाओं, अभिलाषा ओं की विफलता पर वह करुण क्रंदन करने लगता है । ज्ञातव्य है कि छायावादी कवि सौंदर्य प्रेमी होता है किंतु सौंदर्य  की क्षणभंगुर ता को देखकर उसका ह्रदय  हहाकार कर उठता है।
प्रसाद जी लिखते हैं----
         " सुनकर तुम क्या भला करोगे,
            मेरी भोली आत्मकथा।
            अभी समय भी नहीं थकी,
            सोई है मेरी मौन व्यथा।।
 कविवर पंत ने भी वेदना को काव्य का प्रमुख तत्व मानते हुए लिखा है----
          "  वियोगी होगा पहला कवि
              आह से निकला होगा गान।
              उमड़ कर  आंखों में चुपचाप
              बही होगी कविता अनजान।।"

 कवियित्री महादेवी ने तो पीड़ा को अपने जीवन का अंग ही बना लिया है। पीड़ा  उन्हें इतना प्रिय है कि वह अपने प्रिय को भी पीड़ा में ढूंढती है----
       
          " तुमको पीड़ा में ढूंढा तुममें ढूढूंगी पीड़ा"

५ )प्रकृतिका मानवीकरण---- छायावाद की एक प्रमुख प्रवृत्ति प्रकृति का मानवीकरण है । छायावादी काव्य में प्रकृति चित्रण प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है।प्रकृति छायावाद के प्राणों में पाई जाती है। छायावादी कवियों ने प्रकृति को अनेक रूपों में अपनाया है और उसमें वे समस्त भावनाएं प्रदर्शित की जाती हैं जो नर- नारी के जीवन में किसी भी प्रकार उत्पन्न हो सकती है । महाकवि निराला ने संध्या का सुंदरी के रूप में अत्यंत सुंदर सचिव सजीव चित्र खींचा है----
        "देहावसान का समय
         मेघमय आसमान से उतर रही है
           वह संध्या सुंदरी
           परी सी धीरे! धीरे! धीरे!"
 निराला की जूही की कली कविता में तो मलयानील और कलिन में  प्रेम और छेड़छाड़ भी दिखाई गई है----
             "विजन वल वलरी पर सोती थी सुहाग भरी
    स्नेह स्वप्न मग्न अमल कोमल
    तरुण तरुणी जूही की कली
    दृग बंद किए शिथिल पत्रांक में"

 कविवर प्रसाद ने भी प्रकृति को मानवीय रूप प्रदान किया है। "बीती विभावरी जाग री
 अंबर पनघट में डुबो रही
 तारा घट उषा नागरी।"

६) रहस्यात्मकता---- छायावाद की एक प्रमुख प्रवृत्ति रहस्यातमक  भावना की अभिव्यंजना है। कुछ आलोचकों ने रहस्यवाद को छायावाद का प्राण कहा है। विश्व के अथाह प्रकृति के सभी उपादानों में चेतना का आरोप छायावाद की पहली सीढ़ी है। तो किसी असीम के प्रति अनुराग जनित आत्मा विसर्जन का भाव रहस्यवादी छायावाद की दूसरी सीढ़ी। ऐसा स्वयं छायावादी कवित्री महादेवी ने कहा है। छायावाद में रहस्य की प्रधानता का कारण भौतिकता के विरुद्ध प्रतिक्रिया है। दिवेदी युग का विषय पार्थिव संसार था। अतः छायावादी कवियों ने उसके विरोध में आलोक को अपनाया। प्राचीन और नवीन रहस्यवाद में भी अंतर है। प्राचीन रहस्यवाद कवि धार्मिक भावना से आकृष्ट हुए और आधुनिकता रहस्यवादी कवि भावुकता  और कल्पना की अधिकता के कारण स्मरणीय है।  आधुनिक युग तर्क प्रधान है। कविवर पंत की 'मौन निमंत्रण' शीर्षक कविता में जिज्ञासा की अतिशय व्यंजना हुई है----
      " तू मौन में जब एकाकार
         ऊंघता जब एक साथ संसार
         भीरू झींगुर कुल की झंकार
          कंपा देती तंद्रा के तान।"

महादेवी जी अज्ञेय को जीवन की उत्कृष्ट और उत्कट अभिलाषा बतलाती हैं----
       " तोड़ दो यह छितिज मैं भी देख लूं उस पार क्या है"

७ )राष्ट्रीय भावना की प्रवृत्ति---- छायावादी रचनाओं पर कतिपय आलोचकों ने यह आरोप लगाया है कि जिस समय स्वतंत्रता आंदोलन जोरों पर था उस समय यह ' मैं' के गीत गा रहे थे, परंतु प्रसाद के गीतों जैसे----
      " हिमाद्रि तुंग श्रृंग से
         प्रबुद्ध शुद्ध भारती"
        " अरुण यह मधुमय देश हमारा" या फिर निराला की "जागो फिर एक बार" कविता आदि को पढ़ने से यह स्पष्ट हो जाता है कि राष्ट्रीयतवादी भावना इन कवियों में भी प्रछन्न है। निराला जी आर्थिक दुर्दशा का कारण अंग्रेजों के शोषण नीति को बतलाते हुए साफ लिखते हैं----
        " बानिज के राज ने लक्ष्मी को हर लिया।
        टापू में ले चल कर रखा और कैद किया।।"

८)बौद्धिकता---- छायावादी रचनाओं की एक प्रमुख प्रवृत्ति बौद्धिकता है । निराला काव्य की सम्यक अनुशीलन से पता चलता है कि उनमें भावुकता से अधिक एक दार्शनिक का गूढ़ चिंतन है। जागो फिर एक बार में उनकी बौद्धिकता द्रस्त्व्य है----
     " जागो फिर एक बार
        पशु नहीं वीर तुम
          समर सुर युद्ध नहीं
          समर सुर क्रूर नहीं"

 सचमुच आश्चर्य की बात है कि इतनी सारी उदात्त प्रवृत्तियों के रहते हुए भी छायावाद 20 ही वर्षों में चरमरा क्यों गया। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि छायावादी आदर्श उपयोगी नहीं थे।वस्तुत: आज के इस भौतिकता वादी युग में परिवर्तन की गति इतनी तीव्र है कि कदम से कदम मिलाकर नहीं चलने पर गिरना अवश्यंभावी है। यही बात छायावाद के साथ भी है। फिर भी अभी छायावादीता पूरी तरह से मिटी नहीं है। नई कविता का दौर भले ही आ गया हो पर एक कोने से छायावाद की आवाज कभी कभी सुनाई पड़ी जाती है। भले ही यह छायावाद आज इतिहास की वस्तु बन गया हो पर उसके संबंध में इतना ही कहा जाएगा कि वह हिंदी काव्यधारा का ही स्वभाविक विकास था। जिसकी परिणति नई कविता है। इसने सौंदर्य और अटूट प्रेम का जो मंत्र फूंका वह विश्वव्यापी और सास्वत तत्व है। विश्व बंधुत्व और नव मानवता  की भावना इसकी अक्षय निधि है। गांधी ने भी इसी के लिए गोलियां खाई थी। वह मर तो गया पर क्या मरकर भी अमर नहीं हो गया। छायावाद का स्वर भी अभी तक गूंज गूंज रहा है----
       " हार बैठे जीवन का दाव
        जीतते किसको मर कर  वीर।"
               समाप्त
              ________
आपको मेरा ये ब्लॉग कैसा लगा जरूर बताइए तथा लाइक, शेयर तथा फ़ॉलो भी करें।
अनुराधा

हिन्दी के प्रमुख आलोचक एवं उनकी देनa

 आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी  यूं तो हिंदी आलोचना का सूत्रपात भारतेंदु युग में ही हो चुका था। किंतु हिंदी आलोचना मुख्यतः आचार्य महावीर प्र...